पारंपरिक गुलाब जामुन रेसेपी | Traditional Gulab Jamun Recipe 📝+🎬

बिना पाउडर के खोया और छेने से बनाएं पारंपरिक गुलाबजामुन।

नमस्कार, आज हमलोग बनाते है होली के लिए खोवे और छेने से बने पारंपरिक गुलाबजामुन। खोवे और छेने से बने गुलाबजामुन का स्वाद बहुत ही बढ़िया आता है। यूं तो गुलाब जामुन कई प्रकार से बनते हैं पर गुलाबजामुन बनाने का पारंपरिक तरीका खोवा और छैना से है ।

शॉर्टकट में हम लोग मिल्क पाउडर और अन्य कई प्रकार से गुलाब जामुन बना लेते हैं लेकिन जो स्वाद पारंपरिक तरीके से बनाए हुए गुलाबजामुन का होता है, वह किसी और का नहीं हो पाता। आज हम गुलाबजामुन बनाने का पारंपरिक तरीका इस्तेमाल करेंगे। तो इस बार होली के शुभ अवसर पर आइए हम बनाते हैं स्वादिष्ट और मुंह में घुल जाने वाले बहुत ही टेस्टी और रसीले गुलाबजामुन।

सामग्री:-
  • 400 खोया या मावा
  • 200 ग्राम छैना
  • 100 ग्राम मैदा
  • 1/4 टी स्पूून बेकिंग पाउडर
  • 1 किलो चीनी
  • 2 इलायची का पाउडर
  • कुछ धागे केसर के
  • घी गुलाब जामुन को तलने के लिए
बनाने का तरीका:-
👉सबसे पहले हम गुलाबजामुन के लिए चाशनी तैयार कर लेते हैं। इसके लिए हम एक बड़े भगोने में 1 किलो चीनी और 1/2 लीटर पानी डालकर उबालने चढ़ाते हैं। चीनी जब अच्छे से गल जाए उसके बाद हमें पांच-सात मिनट और पकाना है। हमें चाशनी में तार नहीं बनाना है बस चाशनी थोड़ी सी चिपचिपी होनी चाहिए।

👉जब चाशनी थोड़ी सी चिपचिपी हो जाएगी तब हम इसमें केसर के धागे डालेंगे। आप चाहे तो इसमें थोड़ा सा ऑरेंज फूड कलर भी डाल सकते हैं। अब हम इसमें इलायची पाउडर डाल देंगे। चाशनी तैयार है। गैस बन्द कर देंगे और इसे ढक कर रख देंगे।

👉अब हम किसी बड़ी थाली या परात में खोवा, छेना और मैदा को लेंगे। इसे अपनी हथेलियों से प्रेस करते हुए खूब अच्छे से मिलाएंगे। हमें एक बहुत ही चिकना आटा(डो) तैयार करना है। जब यह अच्छे से मिक्स हो जाए तब हम इसमें बेकिंग पाउडर डालकर मिलाएंगे। एक बार फिर खूब अच्छे से मिक्स करेंगे और एक चिकना डो तैयार कर लेंगे।

👉अब हम इस डो से छोटी छोटी साइज की गोली तैयार करेंगे। गोली को अपनी हथेलियों के बीच में रखते हुए खूब अच्छे से मिलाएंगे और इसे अच्छे से गोल कर लेंगे। गोल करते समय हमें ध्यान रखना है कि इसमें कोई भी दरार ना हो। गोली खूब अच्छे से चिकनी बननी चाहिए।

👉गोली का साइज आप अपने हिसाब से थोड़ी छोटी या बड़ी बना सकते हैं। मैंने मध्यम आकार के गुलाबजामुन बनाए हैं तो इतनी सामग्री में मेरे लगभग 40 पीस गुलाबजामुन बनकर तैयार हुए हैं।

👉अब हम गुलाबजामुन को तलने के लिए एक कढ़ाई में घी डालेंगे। जब घी मध्यम गर्म हो जाएगा तब हम आँच को एकदम कम कर देंगे और इसमें गुलाब जामुन डालेंगे । इसे हल्के हाथों से हिलाते रहेंगे और कम आँच पर ही चारों तरफ से लाल होने तक तल लेंगे।

👉गुलाबजामुन तलते समय हम एक बार में कढ़ाई में बहुत ज्यादा गुलाब जामुन नहीं डालेंगे। ज्यादा होने से गुलाब जामुन फटने का डर होता है और इसे चलाना भी बहुत हल्के हाथों से है। कोशिश करनी होती है कि जब तक गुलाब जामुन लाल ना हो जाए तब तक कलछी गुलाब जामुन से ना छुआए। इस प्रकार से हम सभी गुलाब जामुन तल कर तैयार कर लेंगे।

👉तले हुए गुलाबजामुन को हल्के गर्म चाशनी में डालेंगे और ढक कर रख देंगे। 3-4 घंटे के लिए गुलाब जामुन को चाशनी में ही रहने देंगे 3-4 घंटे बाद हमारा गुलाब जामुन पूरी तरीके से तैयार हो जाएगा।

👉हमारे स्वादिष्ट खोवे और छेने के गुलाब जामुन तैयार हैं इसे जब चाहे तब खाएं और औरों को भी खिलाएं। खोया और मावे के परंपरागत तरीके से बना होने के कारण यह गुलाबजामुन 10 दिनों तक बिल्कुल ताजा रहता है और फ्रिज में रखकर तो आप इसे 20 दिन तक खा सकते हैं।

सुझाव:-
👉गुलाबजामुन बनाते वक्त नाप का सही ध्यान रखें। हम जितना खोया लेते हैं, उसका आधा छेने और छेने का आधा मैदा लेना होता है। खोवा और छेने एकदम ताजा इस्तेमाल करना चाहिए।

👉गुलाबजामुन के बीच में हम सूखे मेवे, इलायची पाउडर, किशमिश या फिर मीठे वाले मखाने भी डाल सकते हैं।

👉ऐसे तो हम गुलाबजामुन किसी भी रिफाइंड तेल या वनस्पति घी में तल सकते हैं, लेकिन यदि हम गुलाब जामुन को देसी घी में तलते हैं तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।

👉गुलाब जामुन की रेसिपी का फुल वीडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें। साथ ही ऐसी और भी ढेर सारी मजेदार रेसिपीज को देखने के लिए मेरे चैनल को सब्सक्राइब🔔 करना ना भूले।🙂 साथ ही ज्यादा से ज्यादा लाइक कमेंट और शेयर भी करें।👇👇🙏🙏