केसरिया राजभोग

नमस्कार, साथियों रसगुल्ले तो बहुत बार बना लिए। अब आज बनाते हैं केसरिया राजभोग। केसरिया राजभोग घर पर बनाना बहुत आसान है और खाने में यह बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। इसमें केसर की खुशबू बहुत लाजवाब आती है।

आज मैं आप लोगों के लिए लाई हूं घर पर राजभोग बनाने का बहुत ही आसान तरीका। आज हम इस केसरिया राजभोग को प्रेशर कुकर में बनाएंगे। प्रेशर कुकर में राजभोग बनाना बहुत आसान है और खाने में यह मिठाई बहुत ही ज्यादा स्वादिष्ट होती है। एक बार आप लोग भी इस विधि से बनाकर अवश्य ट्राई करें। राजभोग बनाते समय बस हमें सही नाप का ध्यान रखना होता है। तो आइए देखते हैं इसे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री।🙂 इसे बनाने के लिए हमें चाहिए👇👇

सामग्री:-
  • 1.5 लीटर गाय का दूध
  • 3 टी स्पून सिरका या जरूरत के अनुसार
  • 500 ग्राम चीनी
  • 1.5 लीटर पानी (चीनी का तीन गुना)
  • 10 बादाम
  • 4 इलायची पाउडर
  • आवश्यकतानुसार केसर
  • 1+1/4 टी स्पून मैदा या कॉर्नफ्लौर
  • चुटकी भर खाने वाला पीला रंग
  • 10 पिस्ता
  • 2 टी स्पून चिरोंजी दाना
बनाने की विधि:-
सबसे पहले हम एक बड़े भगोने में दूध को गर्म करने रखेंगे। जब तक दूध गर्म हो रहा है तब तक हम एक कटोरी में सिरका लेंगे और उतनी ही मात्रा में पानी डालकर मिलाएंगे ।

दूध में उबाल आने के बाद गैस बंद कर देंगे और दूध को 2 मिनट ठंडा होने देंगे। अब हम इसमें थोड़ा-थोड़ा करते हुए सिरका वाला पानी डालेंगे और मिलाएंगे । जब दूध अच्छे से फट जाए तो पानी डालना बंद कर देंगे। अब इसे थोड़ा ठंडा होने देंगे।

अब हम एक छन्नी के ऊपर सूती कपड़ा बिछाएंगे और उसमें दूध को छान लेंगे। ऊपर से एक गिलास ठंडा पानी डालेंगे जिससे कि दूध का खट्टापन निकल जाएगा। कपड़े को अच्छे से निचोड़ लेंगे और आधे घंटे के लिए इसे ऐसे ही छोड़ देंगे जिससे हमारा छैना सेट हो जाएगा।
तब तक हम राजभोग के लिए पिट्ठा तैयार करते हैं।

इसके लिए हम बादाम और पिस्ता को बारीक काट लेंगे। अब एक कटोरी में बारीक कटा हुआ बादाम, पिस्ता, चिरोंजी दाने, 8-10 केसर के धागे और दो इलायची का पाउडर डालकर मिला लेंगे। हमारा पिट्ठा तैयार है। आप इस के पिट्ठे में अपनी पसंद के कुछ मेवे कम या ज्यादा कर सकते हैं। केसर की जगह आप खाने वाला पीला रंग भी चुटकी भर डाल सकते हैं।

अब हम एक बड़ी थाली में छैना को लेंगे। इसे अपनी हथेलियों से प्रेस करते हुए खूब अच्छे से मसलेंगे। 4 से 5 मिनट बाद हम देखेंगे कि हमारी हथेली चिकनी हो गई है और छैना भी एकदम सॉफ्ट हो गया है। अब हम इसमें मैदा डालेंगे और कुछ धागे केसर के डालेंगे। चुटकी भर खाने वाला पीला रंग भी डालेंगे। अब हम इसे एक बार फिर से अपनी हथेलियों की मदद से खूब अच्छे से मसल लेंगे।

छैने को मसल कर चिकना करने में लगभग 7 से 8 मिनट का समय लगता है । छैना चिकना होने के बाद एकदम सॉफ्ट हो जाता है और हमारी हथेली भी चिकनी हो जाती है।
अब हम एक प्रेशर कुकर लेंगे । मैंने 3 लीटर का प्रेशर कुकर इस्तेमाल किया है। आप चाहे तो 5 लीटर वाला भी यूज कर सकते हैं पर प्रेशर कुकर 3 लीटर से छोटा नहीं होना चाहिए वरना हमारे राजभोग अच्छे से फूलेंगे नहीं।

कुकर में चीनी और पानी डालेंगे। अब इसे उबलने के लिए गैस पर चढ़ा देंगे। जब चीनी पानी में अच्छे से घुल जाए तब हम इसमें 8-10 केसर के धागे और दो इलायची डाल देंगे। अब हम चीनी और पानी को अच्छे से ऊबलने देंगे। जब तक पानी ऊबलता है तब तक हम राजभोग की गोली तैयार कर लेते हैं।

छैने की 12 बराबर लोई तोड़ेंगे। राजभोग साइज में बड़ा होता है इसलिए मैंने इतने छैने से 12 पीस राजभोग तैयार किए हैं। आप चाहे तो थोड़े छोटे लोई भी बना सकते हैं।

अब हम एक लोई लेंगे। इसे अपनी हथेली से अच्छे से मसाला लेंगे और इसके बीच में तैयार किया हुआ पिट्ठा डालेंगे। एक बार इसे पुनः अच्छे से मोड़ेंगे और गोली तैयार कर लेंगे। गोली में कोई भी दरार नहीं होनी चाहिए। इस प्रकार से हम सभी राज भोग तैयार कर लेंगे।
हमारा चीनी वाला पानी भी उबल गया है। केसर की वजह से चाशनी का रंग बहुत सुंदर आया है। हमें चाशनी में तार नहीं बनाना है बस चीनी और पानी में अच्छे से उबाल आ जाए इतना ही करना है। अब हम उबलते हुए पानी में राजभोग के गोली डालेंगे। कुकर का ढक्कन लगा देंगे और तेज आँच पर एक सीटी आने देंगे।

एक सिटी आने के बाद हम आँच को कम कर देंगे और 5 मिनट और पकने देंगे। 5 मिनट बाद गैस बंद कर देंगे। अब 5 मिनट इसे ऐसे ही रहने देंगे उसके बाद कुकर का प्रेशर निकाल देंगे। अब कुकर खोलेंगे और एक छोटे चम्मच की सहायता से राजभोग को बहुत हल्के हाथों से पलटेंगे। हम देखेंगे कि हमारा राजभोग साइज में डबल हो गया है।

अब हम इसे एक बार फिर से किसी प्लेट से ढक देंगें और तेज आँच पर 5 मिनट पकने देंगे। हमें ध्यान रखना है कि आँच तेज ही होना चाहिए और राजभोग के ऊपर झाग आते रहना चाहिए। 5 मिनट बाद गैस बंद कर देंगे। कुकर में एक कप ठंडा पानी डाल देंगे। ठंडा पानी डालने से राजभोग का कुकिंग प्रोसेस खत्म हो जाता है और यह अपने शेप में आ जाता है।

अब हम इसे किसी बाउल में निकाल लेंगे और ठंडा होने देंगे। 4 घंटे इसे ऐसे ही रहने देंगे। अब हमारा स्वादिष्ट केसरिया राजभोग बिल्कुल तैयार है। ऊपर से कटे हुए पिस्ता बादाम से गार्निश करें और ठंडा ठंडा राजभोग खाएं और खिलाए। राजभोग को फ्रिज में रख कर 15 दिनों तक आराम से खाया जा सकता है।

बहुत से लोग राजभोग में राजभोग एसेंस, गुलाब एसेंस या फिर केवड़ा एसेंस का इस्तेमाल करते हैं। मुझे पसंद नहीं इसलिए मैंने कोई भी एसेंस इस्तेमाल नहीं किया है।

आप चाहे तो एसेंस इस्तेमाल भी कर सकते हैं। राजभोग में केसर और इलायची की प्राकृतिक खुशबू बहुत ही अच्छी आ रही है। आप देख सकते हैं कि मेरा राज भोग कितना सॉफ्ट और जूसी बना है। सही नाप का ध्यान रखकर घर पर इसे बहुत आसानी से बनाया जा सकता है ।
ठंडा ठंडा स्वादिष्ट केसरिया राजभोग एक बार आप लोग भी अवश्य ट्राई करें। धन्यवाद🙂🙂

साथियों, यह थी मेरी आज की रेसिपी। यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आई हो तो कृपया मेरे ब्लॉग को विजिट करते रहें।

यदि आप लोग चाहे तो रेगुलर अपडेट के लिए मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं👇👇
https://www.facebook.com/haathkirasoi