Restaurant Style Paneer Kali Mirch Curry, पनीर काली मिर्च

Paneer Kali Mirch Curry
नमस्कार, पनीर की सब्जी हम सब को बहुत पसंद होती है। हम लोग बहुत प्रकार के पनीर की सब्जी बनाते हैं और सभी का स्वाद एक दूसरे से अलग और बेहतरीन होता है।
आज हम लोग बनाएँगे पनीर काली मिर्च की सब्ज़ी। व्हाइट ग्रेवी वाली यह पनीर करी खाने में बहुत स्वादिष्ट, बहुत ही क्रीमी और रिच है जिसमें मसालों का इस्तेमाल बहुत ही कम मात्रा में होता है। रेस्टोरेंट में मिलने वाली यह बहुत ही महंगी सब्जी, हम घर पर आसानी से बना सकते हैं और वह भी रेस्टोरेंट वाले स्वाद में। तो आइए बनाते है पनीर काली मिर्च या पनीर करी वह भी व्हाइट ग्रेवी में😊😊

सामग्री:-
  • पनीर - 200 ग्राम
  • मलाई - 2 टेबल स्पून
  • दही - 1 कप
  • कॉर्नफ्लोर - 1 टेबल स्पून
  • कसूरी मेथी - 1 टेबल स्पून
  • काली मिर्च - ½ + ¼ टी स्पून
  • छोटी इलायची - 2
  • प्याज - 2
  • अदरक - ½ इन्च
  • हरी मिर्च - 1
  • लहसुन की कली - 8 से 10
  • तेजपत्ता - 1
  • बड़ी इलायची - 2
  • देशी घी- 2½ टेबल स्पून
  • काजू - ¼ कप
  • क्रीम - ¼कप
  • दूध - आवश्यकता अनुसार
  • चीनी - ½ टी स्पून
  • नमक - स्वाद अनुसार
बनाने का तरीका:-
सबसे पहले पनीर काली मिर्च बनाने की सभी सामग्री को हम एक जगह एकत्रित कर लेंगे। अब हम पनीर को अपने मनपसंद साइज में काट लेंगे।

अब हम पनीर को मैरिनेट करेंगे। इसके लिए एक बाउल में पनीर डालेंगे। इसमें आधा कप दही डालेंगे। आधा टी स्पून नमक डालेंगे। थोड़ी सी कसूरी मेथी, दो छोटी इलायची कुटी हुई, आधा टीस्पून काली मिर्च पाउडर डालेंगे। सभी को अच्छे से मिक्स करेंगे। अब इसे ढक कर 10 मिनट के लिए रख देंगे।

जब तक पनीर मेरीनेट हो रहा है तब तक हम लोग ग्रेवी की तैयारी कर लेते हैं। इसके लिए प्याज, अदरक, लहसुन को काट लेंगे। हरी मिर्च को लंबाई में काट लेंगे। अब एक कढ़ाई को गैस पर चढ़ाएंगे। इसमें कटा हुआ प्याज, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च डालेंगे। साथ ही एक तेजपत्ता, बड़ी इलायची और काजू डालेंगे। एक गिलास पानी डालेंगे और ढक्कन लगाकर 5 मिनट तक पकाएंगे।

प्याज को पकाते समय आँच को कम रखेंगे। 5 मिनट बाद हम इसमें एक गिलास पानी और डालेंगे और फिर से ढककर 5 मिनट और पकाएंगे। 5 मिनट बाद गैस बंद कर देंगे और प्याज को किसी छलनी में निकाल लेंगे जिससे इसका अतिरिक्त पानी निकल जाएगा।

अब हम प्याज को किसी थाली या प्लेट में फैला देंगे जिससे कि यह जल्दी से ठंडा हो जाएगा। ठंडा होने के बाद हम इसमें से तेजपत्ता, बड़ी इलायची, हरी मिर्च निकालकर अलग कर देंगे और बाकी बची सामग्री को मिक्सर में डालकर बारीक पेस्ट बना लेंगे।

10 मिनट बाद पनीर मैरीनेट हो चुका है। अब एक फ्राइंग पैन को गैस पर चढ़ाएंगे। इसमें 2 टेबल स्पून घी डालेंगे। घी जब गर्म हो जाएगा तो इसमें पनीर के टुकड़े डालेंगे। मीडियम आँच पर दोनों तरफ से हल्का-हल्का सेक (शेलो फ्राइ) कर लेंगे। फ्राई किए हुए पनीर को किसी प्लेट में निकाल लेंगे।

अब इसी पेन को एक बार फिर से गैस पर चढ़ाएंगे। बचे हुए घी में ही 1/2 टेबल स्पून घी और डालेंगे। घी जब थोड़ा सा गर्म हो जाएगा तब हम इसमें कुटी हुई अदरक और काली मिर्च डालेंगे। हल्का सा भून लेंगे। अब हम इसमें प्याज का पेस्ट डालेंगे और आयल छोड़ने तक इसे भून लेंगे।

प्याज जब पेन के किनारे छोड़ देगा और आयल छोड़ देगा तब हम इसमें फेंटा हुआ दही डालेंगे और लगातार चलाते हुए दही के पकने तक पकाएंगे। अब हम इसमें मलाई डालेंगे। अच्छे से भूनेंगे। जब पेन के किनारे आयल छोड़ देगा तब हम इसमें आवश्यकता अनुसार जितनी ग्रेवी हमें चाहिए उतना दूध डालेंगे। ग्रेवी में अच्छे से उबाल आने देंगे।

अब इस समय हम इसमें स्वाद अनुसार नमक और चीनी डालेंगे। अब हम इसमें फ्राई किए हुए पनीर डालेंगे। ढक्कन लगाकर 5 मिनट के लिए कम आँच पर और पकने देंगे। 5 मिनट बाद गैस बंद कर देंगे।

बहुत ही स्वादिष्ट रिच और क्रीमी पनीर काली मिर्च करी बनकर तैयार है। ऊपर से कालीमिर्च और कसूरी मेथी से गार्निश करेंगे। गरम-गरम स्वादिष्ट सब्जी को पराठा, नान या कुल्चा के साथ सर्व करेंगे।

पनीर काली मिर्च की रेसिपी का फुल वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇🙏


🙏साथ ही मेरे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करना ना भूले🙏

यदि आप चाहे तो रेगुलर अपडेट्स के लिए मेरे फेसबुक पेज को भी नीचे दिए गए लिंक पर लाइक और शेयर कर सकते है👇🙏


👉 ढेर सारी मजेदार और आसान रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉग haathkirasoi.blogspot.com को विजिट करते रहें। धन्यवाद😊🙏