सूजी के गोलगप्पे

नमस्कार, गोलगप्पा एक ऐसा नाम है जिसे सुनते ही सब के मुंह में पानी आ जाता है। शायद ही कोई ऐसा हो जिसे गोलगप्पा पसंद नहीं हो। परंतु अभी के मौजूदा हालात में बाजार का कुछ भी खाना सुरक्षित नहीं है। अभी जब ज्यादातर दुकानें बंद है, चाट और गोलगप्पेेे के ठेले बंद है, ऐसेेे समय में अगर कुछ तीखा या चटपटा खाने का मन हो तो क्या किया जाए।

तो क्यों ना घर पर पूरी सफाई और शुद्धता को ध्यान मे रखकर गोलगप्पे बनाया जाए। घर पर गोलगप्पा बनाना बहुत ही आसान है। इसे हम बहुत आराम से घर पर बना सकते हैं।

कुछ लोग गोलगप्पा सूजी का बनाते हैं तो कुछ आटे का। वहीं कुछ लोग सूजी और आटा मिलाकर गोलगप्पा बनाते हैं। मैंने आज सिर्फ सूजी के गोलगप्पे बनाए हैं। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट है और इसे बनाना भी आसान है। आइए देखते हैं इसे बनाने का बहुत ही आसान और सरल तरीका🙂👇

सामग्री:-
  • 200 ग्राम सूजी
  • स्वाद अनुसार नमक
  • 1चुटकी खाने वाला सोडा
  • 1 चम्मच रिफाइंड ऑयल
  • आवश्यकतानुसार गुनगुना पानी
  • आवश्यकतानुसार गोलगप्पा तलने के लिए वेजिटेबल ऑयल या रिफाइंड ऑयल
बनाने का तरीका:-

सबसे पहले हम एक परात में सूजी लेंगे। इसमें स्वादानुसार नमक डालेंगे और चुटकी भर खाने वाला सोडा डालेंगे। अच्छे से मिलाएंगे। अब हम इसमें एक टी स्पून तेल डालेंगे और अच्छे से मिलाएंगे।

अब हम गुनगुने पानी की मदद से सूजी का एक नॉरमल आटा गूथ कर तैयार कर लेंगे। आटा को हमें सख्त नहीं गूथना है क्योंकि सूजी पानी सोख लेगा और आटा सख्त हो जाएगा। अब हम आटे को ढककर 10 मिनट के लिए रख देंगे।

10 मिनट बाद हम आटे को एक बार फिर से गूथ लेंगे। आटा ना ज्यादा नरम होना चाहिए ना ज्यादा सख्त। अब हम आटे की बहुत छोटी-छोटी लोई तोड़ लेंगे।

अब हम इसको पतला पतला बेल लेंगे। हमें इसे पूरी की तरह बेलना है। ना बहुत पतला ना ज्यादा मोटा। गोलगप्पा को बेलते समय हम सूखे आटे का इस्तेमाल करेंगे। गोलगप्पे में सूखा आटा लगाकर बेलने से गोलगप्पा क्रिस्प बनता है।

गोलगप्पा को बेलकर हम इसे गीले सूती कपड़े से ढक कर रखेंगे। सूती कपड़े को पानी में भिगोकर अच्छे से निचोड़ लेंगे और फिर उसी कपड़े से गोलगप्पे को ढक कर रखेंगे। ढक कर रखने से गोलगप्पा सूखता नहीं है और उस पर पपड़ी नहीं जमती है।

अब हम एक कड़ाही में तेल गर्म करेंगे। तेल जब गर्म हो जाए तब हम आँच को एकदम कम कर देंगे। अब हम इसमें गोलगप्पे डालेंगे और झारे से दबा दबा कर फुला लेंगे। हम इसे दोनों तरफ से लाल होने तक तल लेंगे। गोलगप्पे को तलने के लिए आँच को कम ही रखेंगे। तेज आँच पर तलने से गोलगप्पे नरम हो जाते हैं।

अब हम गोलगप्पा को किसी पेपर पर निकाल लेंगे जिससे कि इसका अतिरिक्त तेल निकल जाएगा । गोलगप्पे को 1 घंटे के लिए खुले में रख देंगे जिससे यह क्रिस्प हो जाएंगे।

अब हमारा गोलगप्पा बिल्कुल तैयार है। इसे अपने पसंद के चटपटे तीखे आलू के मसाले और खट्टी मीठी पानी के साथ सर्व करें।

गोलगप्पा को आप किसी एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रखें। यदि गोलगप्पा में हवा नहीं लगे तो यह 10 दिन तक इस्तेमाल किया जा सकता है। जब मन करे तब मसाला और पानी तैयार करें और चटपटे गोलगप्पे का आनंद लें।

नोट:-
गोलगप्पा का आटा लगाते समय खाने वाला सोडा चुटकी भर ही डालेंगे, नही तो तलते समय गोलगप्पा बहुत तेल पियेगा।

गोलगप्पा में मोयन भी हम थोडा सा डालेंगे, नही तो गोलगप्पा फूटने का डर रहेगा।गोलगप्पा तलने के लिए हम घी को एक बार अच्छे से गर्म कर लेंगे। उसके बाद आँच को एकदम कम कर देंगे और कम आँच पर गोलगप्पा को दोनों तरफ से क्रिस्प होने तक तलेंगे।

दोस्तों, यह थी गोलगप्पा घर पर आसानी से बनाने की मेरी बहुत ही आसान सी रेसिपी। यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आती हो तो ऐसे ही और भी आसान और मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को लगातार विजिट करते रहें और फॉलो करें।

यदि आप चाहें तो रेगुलर अपडेट्स के लिए नीचे दिए गए लिंक पर मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं👇👇
https://www.facebook.com/haathkirasoi