फूल मखाने की खीर

नमस्कार,आज हम बनायेंगे फूल मखाने की खीर।

महा शिवरात्रि का पावन पर्व आने वाला है और ज्यादातर घर में यह त्यौहार व्रत के साथ मनाया जाता है। तो क्यों ना इस खास और शुभ मौके पर फूल मखाने की खीर बनाई जाए। मखाने की यह खीर फलाहारी होती है इसीलिए आप इसे व्रत-त्योहार में बना कर खा सकते हैं।

एक बार इस विधि से खीर बना कर देखिए। यकीन मानिए आपको इसका स्वाद बहुत ही लाजवाब लगेगा। तो आइए देखते हैं इसे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री और इसे बनाने का तरीका🙂🙂

सामग्री:-
  • 1 लीटर फुल क्रीम दूध
  • 150 ग्राम फूल मखाना
  • 200 ग्राम चीनी
  • 10-15 बादाम
  • आवश्यकतानुसार केसर के कुछ धागे
  • 2 इलायची पाउडर(ऑप्शनल)
  • 1 चम्मच देसी घी
बनाने का तरीका:-

👉सबसे पहले हम एक भगोने में दूध को गर्म करने के लिए रखेंगे। अगर हमारा भगोना भारी तली का होगा तो ज्यादा अच्छा है । दूध को उबलने देंगे।

👉जब तक हमारा दूध उबल रहा है तब तक हम मखाना तैयार कर लेते हैं। केसर को भी एक चम्मच गुनगुने दूध में भिगो कर रख देंगे।

👉मखाने को हम छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लेंगे। अब हम एक कड़ाई को गैस पर चढ़ाएंगे। इसमें देसी घी डालेंगे। घी थोड़ा गर्म हो जाए तब इसमें मखाना डालकर उसे भून लेंगे। मखाना को हम मध्यम आंच पर क्रिस्पी होने तक भूनेंगे। इसके लिए हमें 7 से 8 मिनट का समय लगेगा।

👉अब इस भुने हुए मखाने को ठंडा होने देंगे । जब यह थोड़ा ठंडा हो जाए तब इसमें से दो मुट्ठी मखाना को हम मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लेंगे।

👉मखाना भूनते समय बीच-बीच में दूध को भी चलाते रहेंगे। कलछी को भगोने के नीचे तक ले जाते हुए चलाएंगे जिससे कि दूध इसके तली में लगे नहीं। जब हमारा दूध आधा हो जाएगा तब हम इसमें भुने हुए मखाने डाल देंगे और पकने देंगे।

👉5 मिनट बाद हम इसमें दरदरा पीसा हुआ मखाना भी डाल देंगे और अच्छे से मिक्स करेंगे। अब हम इसे पकने देंगे। आँच को मध्यम रखेंगे और इसे बीच-बीच में चलाते रहेंगे। 10 से 15 मिनट बाद हम देखेंगे कि हमारा खीर गाढ़ा हो रहा है।

👉अब हम इसमें चीनी डाल देंगे और मिलाएंगे। चीनी डालने के बाद खीर एक बार थोड़ा पतला हो जाएगा इसीलिए इसे थोड़ी देर तक और पकाएंगे। इस स्टेज पर हमें इसे लगातार चलाना है नहीं तो खीर नीचे लग जाएगा।

👉8 से 10 मिनट बाद खीर अच्छे से गाढ़ी हो चुकी होगी। अब हम इसमें इलायची पाउडर और केसर भीगा हुआ दूध डालेंगे और अच्छे से मिलाएंगे। बादाम को भी बारीक काटकर डालेंगे और थोड़े से बादाम ऊपर से गार्निश करने के लिए रख लेंगे। अच्छे से मिक्स करेंगे।

👉हमारी मलाईदार फूल मखाने की खीर तैयार है। गैस बंद कर देंगे।

👉स्वादिष्ट मलाईदार फूल मखाने की खीर तैयार है। बादाम से गार्निश करेंगे। इसे अपनी पसंद के अनुसार गर्म चाहे ठंडा सर्व करें। बहुत से लोग खीर गर्म पसंद करते हैं और बहुत से लोग ठंडी। यदि आपको ठंडी खीर पसंद है तो इसे फ्रिज में रखें और ठंडा करके इसे खाएं।

👉एक बार इस विधि से मखाने की खीर बना कर देखिए। आपको इसका स्वाद बहुत ज्यादा पसंद आएगा।

👉मखाने को भूनकर डालने से मखाने का स्वाद बहुत अच्छा आता है। कच्चा मखाना डालने से मखाना दूध में जाकर हलवा जैसा हो जाता है।

👉खीर में चीनी आप अपने स्वाद के अनुसार थोड़ा कम या ज्यादा कर सकता है।

तो साथियों, देर किस बात की इस बार महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बनाइए यह फूल मखाने की स्वादिष्ट खीर एवं स्वयं भी खाइए और औरों को भी खिलाइए।🙂🙂🙏🙏

यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आती हो तो रेगुलर अपडेट्स के लिए नीचे दिए गए लिंक पर मेरे फेसबुक पेज को लाइक और शेयर करें👇👇🙏🙏
https://www.facebook.com/haathkirasoi