नमस्कार, आज हम बनाएंगे बनारस की बहुत ही प्रसिद्ध टमाटर चाट। टमाटर चाट खाने में बहुत ही स्वादिष्ट चटपटा लगता है। इसका खट्टा मीठा चटपटा स्वाद बहुत लाजवाब होता है।
बनारस जाने वाला हर व्यक्ति वहां की है सुप्रसिद्ध टमाटर चाट अवश्य खाकर आता है और इसके स्वाद का दीवाना हो जाता है। आइए, आज हम घर पर आसानी से उपलब्ध सामग्री की मदद से बहुत ही स्वादिष्ट और चटपटा टमाटर का चाट बनाएं।
आवश्यक सामग्री:-
- 2 टेबल स्पून चीनी
- 4 टमाटर बड़े साइज़ के
- 1 चम्मच घी
- 1/2 चम्मच जीरा
- 1 इंच अदरक का टुकड़ा किसा हुआ
- 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- स्वाद अनुसार नमक
- स्वादानुसार लाल मिर्च पाउडर
- 3 मीडियम साइज़ के उबले हुए आलू
- 1 चम्मच काला नमक
- 1/2 चम्मच अमचूर पाउडर
- 1/4 चम्मच गरम मसाला पाउडर
- 1 चम्मच भुना और पिसा जीरा
- 1 चम्मच चाट मसाला
- 2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिय
- 1/2 नींबू का रस
🍅सबसे पहले हम चीनी की चटनी बनाकर तैयार कर लेंगे। इसके लिए हम एक भगोने में दो टेबलस्पून चीनी और आधा कप पानी डालकर उबाल लेंगे। जब पानी में चीनी अच्छे से घुल जाए तब इसमें आधा छोटा चम्मच काला नमक और आधा छोटा चम्मच भुना पिसा जीरा डालकर मिलाएंगे। 3 से 4 मिनट पकाएंगे। गैस बंद कर देंगे। हमारी मीठी चटनी तैयार है।
🍅अब हम टमाटर को बारीक काट लेंगे। उबले हुए आलू को भी अच्छे से मसल लेंगे। अब हम गैस पर एक कढ़ाई चढ़ाएंगे और इसमें घी डालेंगे। घी जब गर्म हो जाए तब इसमें जीरा डालेंगे, हरा मिर्च और अदरक डालेंगे। जीरा जब चटक जाए तब इसमें टमाटर डालकर मिलाएंगे।
🍅अब हम टमाटर में नमक, हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डाल कर अच्छे से मिलाएंगे। इसे ढककर 3 से 4 मिनट के लिए पकाएंगे । 4 मिनट बाद हम देखेंगे कि हमारा टमाटर बहुत हद तक गल चुका है। अब इसे कल्छी की सहायता से थोड़े अच्छे से मैश करेंगे।
🍅अब हम टमाटर में आधा कप पानी डालेंगे और अच्छे से मिलाएंगे। कम आँच पर 4 से 5 मिनट के लिए और पकाएंगे।
🍅अब हम इसमें उबले हुए आलू डालेंगे और मिलाएंगे। अब इसमें आधा छोटा चम्मच काला नमक, गरम मसाला पाउडर, अमचूर पाउडर, आधा छोटा चम्मच भुना पिसा जीरा डालेंगे और खूब अच्छे से मिलाएंगे। 2 मिनट के लिए कम आँच पर और पकाएंगे।
🍅जब सभी मसाले आपस में खूब अच्छे से मिक्स हो जाए तब हम इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डालेंगे और अच्छे से मिलाएंगे। अब इसमें आधा नींबू का रस डालेंगे और मिलाएंगे। गैस बंद कर देंगे।
🍅टमाटर चाट को सर्व करने के लिए इसे किसी बाउल में निकालेंगे। ऊपर से 2 टीस्पून मीठी चटनी जो हमने बनाई थी वह डालेंगे। थोड़ा सा चाट मसाला स्प्रिंकल करेंगे। बारीक सेव और हरा धनिया डालेंगे और गरम-गरम चाट सर्व करेंगे। मीठी चटनी हम अपने स्वाद के अनुसार थोड़ा कम या ज्यादा कर सकते हैं।
🍅टमाटर चाट खाने का असली मजा इसे गरम गरम है और बनारस में टमाटर चाट के ऊपर बारीक वाले नमक पारे डाल कर दिए जाते हैं। मैंने ऊपर बीकानेरी भुजिया डाला है। आप अपनी इच्छा अनुसार कुछ भी डाल सकते हैं।
🍅एक बार यह टमाटर चाट बनाकर अवश्य ट्राई करें। खाने में यह बहुत ही स्वादिष्ट लगता है और इसे बनाना भी बहुत आसान है। घर में आसानी से उपलब्ध सामग्री की मदद से हम इसे बहुत जल्दी बना सकते हैं।
नोट:- मीठी चटनी आप अपने अनुसार गुड की या इमली डालकर भी बना सकते हैं। मुझे यह चीनी की पतली चाशनी जैसी मीठी चटनी टमाटर चाट के लिए बहुत परफेक्ट लगती है इसीलिए मैंने यह बनाया।
साथियों, यह थी घर पर आसानी से और झटपट बनने वाली स्वादिष्ट और चटपटी टमाटर चाट की रेसिपी। ऐसी ही और भी आसान और मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को लगातार विजिट करते रहे🙏🙂
यदि चाहे तो रेगुलर अपडेट्स के लिए नीचे दिए गए लिंक पर मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं👇👇
https://www.facebook.com/haathkirasoi
