दम आलू(ढाबा स्टाइल में)

नमस्कार, आलू हम सबका प्रिय हैं। आलू को हम अनेक प्रकार से बनाते एवं खाते हैं। जिस किसी रूप में भी खाओ आलू सबको बहुत ही ज्यादा पसंद आता है । सर्दियों के सीजन में जब नए आलू आते हैं उस वक्त आलू में एक अलग ही स्वाद होता है।

आलू की एक बहुत ही प्रसिद्ध रेसिपी है आलू दम। जब कभी हम बाहर खाना खाने जाते हैं तो आलू दम अवश्य करके मंगाते हैं। खासकर ढाबे वाला आलू दम बहुत ही स्वादिष्ट और चटपटा तीखे फ्लेवर का होता है ।

खड़े मसालों की खुशबू और उसका तीखापन ढाबे वाली आलू दम को बहुत ही लाजवाब बनाता है। इसकी चटक लाल रंगत देख कर ही जी ललचा जाता है। इसे घर पर बनाना बहुत ही आसान है। आज मैंने उसी रंगत और उसी तीखे पन के साथ घर पर बनाया है आलू दम। आप लोग भी एक बार अवश्य ट्राई करें।

सामग्री:-
  • 1/2 किलो छोटे आलू (बेबी पोटेटोज)
  • 3 प्याज मध्यम आकार के
  • 2 टमाटर
  • 1/2 चुकंदर छोटा साइज का
  • 2 हरी मिर्च
  • 1इंच अदरक का टुकड़ा
  • 6-8 कली लहसुन
  • 10-15 काजू
  • 1 चम्मच ताज़ी मलाई या क्रीम
  • 3 चम्मच सरसों का तेल
  • 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी
  • 1 तेज़पत्ता
  • 2 छोटी इलायची
  • 2 लौंग
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 2 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
  • 1/4 चम्मच गरम मसाला पाउडर
  • 1 चम्मच कसूरी मेथी
  • स्वाद अनुसार नमक
बनाने की विधि:-
👉सबसे पहले हम आलू को अच्छे से धो लेंगे और उबाल लेंगे। हमें आलू को बहुत ज्यादा नहीं उबालना है। हम आलू को 80% ही उबालेंगे।

👉अब हम उबले हुए आलू को छील लेंगे। अब हम कढ़ाई में सरसों का तेल डालेंगे। तेल जब अच्छे से गर्म हो जाए तब हम इसमें आलू डालेंगे और इसे तेज आँच पर शैलो फ्राई कर लेंगे। हम आलू को चारों तरफ से लाल और कुरकुरा होने तक शैलो फ्राई करेंगे।

👉आलू को चारों तरफ से लाल होने में 7 से 8 मिनट का समय लगेगा । अब हम आलू को किसी प्लेट में निकाल लेंगे और बचे हुए तेल को कढ़ाई मे हीं रहने देंगे।

👉अब हम एक मिक्सर जार लेंगे। इसमें दो प्याज, दो टमाटर, चुकंदर, अदरक, हरी मिर्च, लहसुन और काजू को डालकर बारीक पीस लेंगे और एक पेस्ट तैयार कर लेंगे। बचे हुए एक प्याज़ को हम लंबा और पतला काट लेंगे । चुकंदर डालने से हमारा प्यूरी का कलर बहुत ही सुंदर आया है।

👉अब हम कढ़ाई में जो तेल बचा है उसी तेल में सब्जी की ग्रेवी बनाएंगे । तेल को बार फिर से गर्म कर लेंगे । जब तेल गरम हो जाए तब इसमें सभी खड़े मसाले डाल देंगे जैसे सूखी लाल मिर्च, तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग, इलाइची, और जीरा।

👉जब जीरा चटक जाये तब हम इसमे प्याज़ और टमाटर का पेस्ट डालेंगे। इस पेस्ट को 5 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनेंगे । अब हम इसमें लंबा और पतला कटा हुआ प्याज़ डालकर थोड़ी देर और भूनेंगे।

👉5 से 7 मिनट और भूनने के बाद अब हम इसमें सभी सूखे मसाले (कसूरी मेथी को छोड़कर) डालेंगे और अच्छे से भूनेंगे। कढ़ाई जब तक तेल ना छोड़ दे तब तक इन मसालों को मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनेंगे।

👉अब हमारा मसाला तैयार है। इसमें हम शैलो फ्राई किए हुए आलू को डालेंगे और अच्छे से मिक्स करेंगे। अब हम इसमें स्वादानुसार नमक डालेंगे । आवश्यकता अनुसार पानी डालेंगे। ग्रेवी के कंसिस्टेंसी हम अपने अनुसार एडजस्ट कर लेंगे। सब्जी को ढक्कन लगाकर 5 मिनट मध्यम आंच पर और पका लेंगे।

👉अब हमारा आलू दम तैयार है ।इसमें हाथों से क्रश कर के कसूरी मेथी डालेंगे। अब हम मलाई को अच्छे से फेंट लेंगे । सब्जी में डालेंगे और अच्छे से मिलायेंगे। 2 मिनट कम आँच पर पका लेंगे। गैस बंद कर देंगे। हमारा बहुत ही स्वादिष्ट बिल्कुल ढाबे के स्वाद वाला आलू दम तैयार है। ऊपर से थोड़ा सा हरा धनिया डालेंगे।

👉आलू दम बनाने के लिये हम लाल लाल टमाटर का इस्तेमाल करेंगे । टमाटर की प्यूरी में थोड़ा सा चुकंदर डालने से सब्जी का कलर बहुत ही खूबसूरत बिल्कुल ढाबा वाला आया है। इसका स्वाद भी बहुत ही लाजवाब है । खड़े मसाले की खुशबू और सब्जी की लाल रंगत देखकर ही इसे खाने का मन कर जाए।

👉इस स्वादिष्ट आलू दम को गरम गरम अपने पसंद के पराठा, नान या फिर फुलके के साथ खाएं और खिलाएं। 🙂🙂

दोस्तो, यह थी मेरी आज की आलू दम की रेसिपी। यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आई हो तो मेरे ब्लॉग को लगातार विजिट करते रहें।

यदि आप चाहें तो रेगुलर अपडेट्स के लिए नीचे दिए गए लिंक पर मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं👇👇