नमस्कार, आप सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। आने वाला नव वर्ष सभी के लिए मंगलमय और निरोगमय हो ईश्वर से यही कामना है। नए वर्ष का स्वागत कुछ मीठे से हो जाए।
नए वर्ष के स्वागत के लिए मैंने बनाया है चॉकलेट सूजी केक जो खाने में स्वादिष्ट तो है ही साथ ही सेहतमंद भी है, क्योंकि सूजी को हम किसी भी प्रकार से खाएं यह हमेशा सेहतमंद ही होता है और पौष्टिक होता है। इस केक को बनाने में मैंने बहुत कम सामग्री का इस्तेमाल किया है। इसे बनाना बहुत आसान है और यह बहुत जल्दी से बन जाता है । साथ ही खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है।
सामग्री:-
- 1 कप सूजी (बारीक वाली)
- 1/2 कप ताजा दही
- 1/2 कप चीनी
- 1/2 कप घी
- 1 टेबल स्पून कोको पाउडर
- 1 टी स्पून बेकिंग पाउडर
- आवश्यकता अनुसार दूध
- आवश्यकता अनुसार केक सजाने के लिए बारीक कटे बादाम और जेम्स
बनाने का तरीका:-
👉सबसे पहले हम बारीक वाली सूजी लेंगे और इसे मिक्सर में डालकर पीस लेंगे। यह और बारीक पाउडर जैसा हो जाएगा । यदि हम मोटा वाला सूजी लेंगे तो उसे थोड़ा ज्यादा पीसना पड़ेगा।
👉अब हम एक बाउल में घी, दही और चीनी को डालेंगे और खूब अच्छे से चीनी के गलने तक मिलायेंगे। यह एक स्मूथ घोल की तरह तैयार हो जाएगा। अब हम इसमें कोको पाउडर डालेंगे और अच्छे से मिलाएंगे।
👉अब हम इसमें थोड़ा-थोड़ा करते हुए सूजी डालेंगे और मिलाएंगे। आवश्यकतानुसार दूध डालेंगे और एक बैटर तैयार कर लेंगे। इसे ढक कर 15 मिनट के लिए रख देंगे।
👉सूजी को 15 मिनट के लिए ढक कर रखना आवश्यक है क्योंकि सूजी दूध और बाकी सामग्री को अपने अंदर सोख लेगा जिससे घोल गाढ़ा हो जाएगा।
👉निर्धारित समय के बाद हम देखेंगे कि हमारा सूजी का घोल गाढ़ा हो गया है। अब हम इसमें आवश्यकतानुसार थोड़ा-थोड़ा करते हुए और दूध डालेंगे और खूब अच्छे से मिलाएंगे। हम केक के कंसिस्टेंसी जैसा एक स्मूथ बैटर तैयार कर लेंगे।
👉अब हम एक केक टिन को घी से ग्रीस कर लेंगे और थोड़ा सा सूखा मैदा या आटा से डस्ट कर लेंगे। साथ ही ओवन या कढ़ाई को प्री हिट होने के लिए रख देंगे।
👉अब हम केक के घोल में बेकिंग पाउडर डालेंगे। खूब अच्छे से मिलाएंगे और इस बैटर को केक टिन में डाल देंगे। घोल को एक सार करने के लिए थोड़ा सा थपथपाएंगे। अब हम इस केक टिन को पहले से प्री हिट कढ़ाई या ओवन में रख देंगे और उसे ढक देंगे । आँच को कम रखते हुए 30 मिनट पकाएंगे।
👉30 मिनट बाद हम चेक करेंगे। चाकू को केक के अंदर डाल कर देखेंगे। यदि हमारा चाकू साफ निकलता है तो हमारा केक तैयार है, वरना 5-7 मिनट और पका लेंगे।
👉अब केक तैयार है। यह अपने बर्तन का किनारा छोड़ चुका है। इसका रंग भी बहुत अच्छा आया है। अब हम इसे बाहर निकाल लेंगे और इसे पूरी तरीके से ठंडा होने देंगे।
👉ठंडा होने के बाद हम इसे किसी प्लेट में निकाल लेंगे और कटे हुए बादाम, जेम्स और वेफ़र बिस्कुट से सजा लेंगे । आप इसे अपनी पसंद के अनुसार अन्य किसी प्रकार से भी और क्रीम से भी सजा सकते हैं।
👉देखने में यह केक जितना खूबसूरत दिख रहा है खाने में भी उतना ही स्वादिष्ट है । तो आप सब भी एक बार अवश्य बनाएं और इसके स्वाद का आनंद लें।
सुझाव:-
🤗केक का बैटर बनाने के लिए इसकी सभी सामग्री को आप मिक्सर में चला कर भी एक स्मूथ बैटर तैयार कर सकते हैं।
तो दोस्तों, यह थी मेरी आज की रेसिपी। आप लोगों को कैसी लगी बताइएगा जरूर आपके बहुमूल्य कमैंट्स एवं सुझाव का स्वागत है ।🙂🙂
यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आती हो तो ऐसे ही और भी आसान और मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को लगातार विजिट करते रहे हैं
आप लोग चाहे तो रेगुलर अपडेट्स के लिए मेरे फेसबुक पेज को भी नीचे दिए गए लिंक पर जाकर लाइक और शेयर कर सकते हैं
