मूंग दाल खस्ता कचौड़ी (हलवाई वाली)

नमस्कार, आज हम बनायेंगे मूँग दाल की खस्ता कचौड़ी।

मूंग दाल की खस्ता कचौड़ी राजस्थान का एक बहुत ही प्रसिद्ध स्नैक्स है। राजस्थान के हर गलियारों में आप इसका खोमचा लगा हुआ पा सकते हैं।

मूंग दाल में उड़द दाल मिक्स करके इसकी पीट्ठी बनाई जाती है और फिर इसे मैदे की लोई में भरकर इसे तला जाता है। यह खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है ।एकदम कुरकुरी और चटपटी और आप इसे 1महीने तक स्टोर करके भी रख सकते हैं।

मूंग दाल की खस्ता कचौड़ी हलवाई जैसे बनाते हैं उस विधि आज हम इसे बनाएंगे। इस विधि से आप की दाल की कचौड़ी कई दिनों तक एकदम खस्ता और कुरकुरी बनी रहेगी।

सामग्री:-
आटा लगाने के लिए:-
  • 500 ग्राम मैदा
  • 1 कप घी मोयन के लिए
  • स्वाद अनुसार नमक
  • 1/4 टीस्पून मंगरेला (ऑप्शनल)
  • 1/4 टीस्पून अजवाइन (ऑप्शनल)
भरावन बनाने के लिए सामग्री:-
  • 1 कटोरी मूंग की दाल
  • 1/2 कटोरी उड़द की दाल
  • 1 टेबलस्पून सरसों तेल
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 1 तेजपत्ता
  • 2 लौंग और दो इलायची
  • 1/2 टीस्पून जीरा
  • 1/2 टीस्पून सौंफ
  • 1 टी स्प्पून कसूरी मेथी
  • 1/2 टीस्पून हींग
  • 1 इंच अदरक का टुकड़ा किसा हुआ
  • स्वाद अनुसार नमक
  • 1 टीस्पून काला नमक
  • 1/2 टी स्पून चाट मसाला
  • 1/2 टीस्पून गरम मसाला
  • 1/2 टी स्पून अमचूर पाउडर
  • स्वादानुसार लाल मिर्च पाउडर
  • कचोरिया तलने के लिए तेल आवश्यकता अनुसार
तरीका:-
सबसे पहले हम मूंग दाल और उड़द दाल को एक बाउल में डालेंगे इसे चार से पांच बार अच्छे तरीके से धो लेंगे और पानी में भिगोकर 4 घंटे के लिए छोड़ देंगे।

अब हम इसे किसी छलनी में निकाल लेंगे और आधे घंटे के लिए इसका पानी झरने के लिए छोड़ देंगे।

तब तक हम कचौड़ी का आटा लगा लेंगे। इसके लिए हम एक परात में मैदा को छान कर लेंगे। इसमें नमक, मंगरेला और अजवाइन डालकर मिलाएंगे। अब हम इसमें मोयन के लिए घी डाल कर मिलाएंगे। मोयन के लिए घी इतना होना चाहिए की आटे के लड्डू बंधने लगे।

अब हम गुनगुने पानी की मदद से आटा गूथ कर तैयार कर लेंगे। जैसा आटा हम पराठे के लिए गूँथते हैं वैसा ही आटा तैयार करना है। ना ज्यादा सख्त ना ज्यादा नरम।
आटा अगर ज्यादा नरम होगा तो कचोरिया खस्ती नहीं बनेंगी और अगर आटा ज्यादा सख्त हो जाएगा तो तलते समय कचौड़ी फुट जाएंगे। अब हम आटे को ढककर रख देंगे।
आइए अब इसका भरवान तैयार किया जाए।
सबसे पहले हम गैस पर एक कढ़ाई को चढ़ाएंगे। इसमें सरसों का तेल डालेंगे। जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए तब इसमें हींग, सूखी लाल मिर्च, तेजपत्ता, लौंग, इलाइची, जीरा, सौंफ, कसूरी मेथी और किसा हुआ अदरक डालेंगे 1 मिनट के लिए भून लेंगे।

अब हम इसमें दाल डालेंगे और आँच को कम रखते हुए 7 से 8 मिनट तक इसे भून लेंगे, 7-8 मिनट के बाद हम देखेंगे की दाल का रंग थोड़ा सा बदल गया है।

अब हम दाल में बाकी के बचे हुए सभी सूखे मसाले डालेंगे और काम आँच पर शेक लेंगे। लगभग 7 से 8 मिनट बाद हम देखेंगे कि दाल कढ़ाई में बिल्कुल भी नहीं चिपक रहा है और दाल में से सोंधी सोंधी खुशबू आ रही है और दाल का रंग भी थोड़ा सा बदल गया है। इसका मतलब है कि हमारा मसाला तैयार है। अब इसे ठंडा होने देंगे।

जब दाल का मसाला ठंडा हो जाए तब हम इसे मिक्सर जार में डालकर दरदरा पीस लेंगे। दाल को ठंडा होने के बाद ही पीसना है गरम में पीसने पर मसाला गीला हो जाएगा और हमारी कचौड़ी नरम हो जाएगी।

अब हम आटे की नींबू के आकार की लोई तोड़ लेंगे और इसे कटोरी का शेप देंगे। अब इसके अंदर हम दाल का मसाला भरेंगे और इसे चारों तरफ से घुमाते हुए अच्छे से सील बंद कर देंगे।

अब हम दाल भरी हुई आटे की लोई को अपनी हथेलियों से दबाते हुए थोड़ा चपटा कर लेंगे। कचौड़ी को बेलन से बेलने से वह थोड़ी नरम हो जाती है और अगर हथेली से थोड़ी चपटी ना करें तो कचौड़ी अंदर से बहुत मोटी हो जाती है और कच्ची रह जाती है।
वैसे भी हलवाई लोगों का यही एक सीक्रेट टिप होता है जिससे उनकी कचोरिया लंबे समय तक खस्ता बनी रहती है।

अब हम एक कढ़ाई में कचोरिया तलने के लिए अपनी जरूरत के अनुसार तेल डालेंगे तेल के मध्यम गर्म होने पर इसमें कचोरिया डालेंगे और आँच को मध्यम से कम रखते हुए कचौड़ी को दोनों तरफ से लाल होने तक तल लेंगे इसी प्रकार से हम सभी कचोरिया तल कर तैयार कर लेंगे।

कचोरिया तलते समय हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हम कचौड़ी को बहुत ज्यादा बार ना पलटे बहुत ज्यादा बार कचौड़ी को उलट-पुलट करने से कचौड़ी में तेल भर जाता है।

जब सभी कचौड़ी तल कर तैयार हो जाए तब इन्हें 3 से 4 घंटे के लिए ऐसे ही खुले में रहने दे उसके बाद इसे किसी एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर ले और लगभग 1 महीने तक इसकी स्वाद का आनंद लें।


अगर कचोड़ी तुरंत बनाकर गरम खाना या खिलाना हो तो गरम गरम कचौड़ी अपने पसंद की खट्टी चटनी या मीठी चटनी, टोमेटो सॉस या हरी मिर्च के अचार के साथ या फिर यूं ही चाय के साथ खाए और खिलाएं।🙂


तो दोस्तों, यह थी मेरी आज की रेसिपी। आप लोगों को मेरी आज की रेसिपी कैसी लगी मुझे कमेंट करके अवश्यय बताएं🙂🙂

यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आती हो तो ऐसे ही और भी आसान और मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को लगातार विजिट करते रहे हैं

आप लोग चाहे तो रेगुलर अपडेट्स के लिए मेरे फेसबुक पेज को भी नीचे दिए गए लिंक पर जाकर लाइक और शेयर कर सकते हैं