गाजर का हलवा

नमस्कार, आज हम बना रहे हैं गाजर का हलवा। सर्दियों के मौसम की एक खास सौगात होती है गाजर का हलवा। गाजर का हलवा हर दिल अजीज होता है। बच्चे हो चाहे बड़े सब को यह बहुत पसंद आता है। रोजमर्रा की दिनचर्या हो या कोई शादी ब्याह या कोई पार्टी फंक्शन यदि ठंडी का मौसम है तो गाजर का हलवा बनना अनिवार्य सा हो जाता है। उसके बिना जैसे लगता हो हर मौका अधूरा है।

गाजर का हलवा सभी बनाते हैं, सबकी अपनी-अपनी रेसिपी होती है। आज मैं आप लोगों के सामने अपनी रेसिपी लेकर आई हूं जिसमें मैंने मावे का इस्तेमाल नहीं किया है। सिर्फ दूध से बनाया है और इत्मीनान से पकाया है। इसीलिए बनने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगा है। वैसे भी एक पुरानी कहावत है कि खाना जब इत्मीनान से पकाया जाता है तब पेट के साथ-साथ मन को भी भरता है और तन को भी लगता है।

आज मैं गाजर के हलवे की बहुत सीधी सी रेसिपी आप लोगों के लिए लाई हूं। इसमें समय तो लगता है किंतु यह स्वाद में लाजवाब होता है और क्योंकि इसमें मावा नहीं इस्तेमाल किया है इसीलिए यह खाने में हल्का होता है।

सामग्री:-
  • 1 किलो गाजर
  • 2 किलो दूध
  • 300 ग्राम चीनी या स्वाद अनुसार
  • 1 टेबलस्पून देसी घी
  • 2 इलायची पाउडर
  • कटे हुए बादाम (ऑप्शनल)
तरीका:-

सबसे पहले हम गाजर को खूब अच्छे से धो लेंगे। अब हम गाजर को छील लेंगे और कद्दूकस में किस लेंगे।

अब हम एक भारी तले की बड़ी कढ़ाई गैस पर चढ़ाएंगे। इसमें देसी घी डालेंगे। घी जब हल्का गर्म हो जाए तब इसमें किसे हुए गाजर डालेंगे और आँच को मध्यम रखते हुए भूनेंगे।

5 से 7 मिनट बाद गाजर थोड़ा सा भूना जाएगा और उसका पानी सूख जाएगा। अब हम इसमें दूध डालेंगे। एक बार में हम सारा दूध नहीं डालेंगे। एक बार में हम आधा दूध लेंगे और आँच को मध्यम से तेज रखते हुए पकने देंगे।

जैसे-जैसे दूध पकता जाएगा वैसे वैसे हम उसमें थोड़ा थोड़ा दूध और डालते जाएंगे और पकाएंगें। आँच को मध्यम से तेज रखेंगे और दूध के पूरा सूखने तक पकाएंगे ।

जब दूध पूरा सूख जाएगा और हलवे जैसे कंसिस्टेंसी हो जाएगी तब हम इसमें चीनी डालेंगे और इलायची पाउडर डालेंगे। आँच को तेज रखेंगे और लगातार चलाते हुए पकाएंगे। पांच से 7 मिनट बाद हम देखेंगे कि हमारा हलवा बिल्कुल तैयार हो गया है और देखने में बहुत सुंदर लग रहा है। बस हमारा हलवा तैयार है। गैस बंद कर देंगे।

गरम-गरम स्वादिष्ट गाजर का हलवा खाने के लिए तैयार है। इसमें कटे हुए बादाम डालेंगे और मिलाएंगे और थोड़े से बादाम ऊपर से सजाने के लिए रखेंगे। गरम-गरम स्वादिष्ट हलवा खाने के लिए तैयार है ।

गाजर का हलवा एक ऐसा स्वीट डिश है जिसे आप गर्म खाएं, चाहे ठंडा खाए दोनों ही प्रकार से यह बहुत स्वादिष्ट लगता है। इसे एक बार बनाकर आप कई दिनों तक इस्तेमाल में ला सकते हैं।
आवश्यकता पड़ने पर इसे हम बहुत ही आसानी से गर्म कर सकते हैं ।गरम करने के लिए या तो आप माइक्रोवेव का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर आप चाहे तो सिंपल तरीके से कढ़ाई में हलवा डालिए और उसमें थोड़ा सा दूध डालिए। अब इसे अपनी आवश्यकतानुसार गर्म कर लीजिए।गर्म करने पर इसका स्वाद बिल्कुल तुरंत बने हुए हलवा जैसा ताज़ा हो जाता है ।

तो साथियों, यह थी गाजर का हलवा बनाने की मेरी रेसिपी। यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आती हो तो ऐसी ही और भी आसान और मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को लगातार विजिट करते रहें🙂🙏

यदि आप चाहें तो रेगुलर अपडेट्स के लिए मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं