नमस्कार, ठंड की शुरुआत हो चुकी है और इसी के साथ बाजार में हरी सब्जियों की बहार आ गई है। इस सीजन में हरे मटर की भी बाहर आ जाती है और सीजन के मटर का स्वाद ही अलग होता है। इस मटर से बनी हर एक वैरायटी का स्वाद बहुत ही अच्छा होता है।
आज हम बनाने जा रहे हैं चटपटे और तीखे फ्लेवर की पीज पोटली। इसका तीखा और चटपटा स्वाद आपके मन को बहुत भायेगा।
दोस्तों, इसे बनाने में हम बहुत ज्यादा मसाले का प्रयोग नहीं करेंगे। इसके मसाले में अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का फ्लेवर ही हमें इसके स्वाद का दीवाना बना देगा। इसे हम पोटली के शेप में बनाएंगे जिससे यह देखने में भी बहुत ही आकर्षक नजर आएगा। तो आइए एक नजर डालें इसके लिए आवश्यक सामग्री पर🙂🙂
पोटली के लिए आटा लगाने की सामग्री:-
- 1.5 कप मैदा
- 2 टेबल स्पून घी मोयन के लिये
- नमक स्वाद अनुसार
भरावन के लिए सामग्री:-
- 1 कप हरी मटर के दाने
- 2 मध्यम आकार के उबले और मसले हुए आलू
- 1 मध्यम आकार का प्याज बारीक कटा हुआ
- 4 कली लहसुन बारीक कटा हुआ
- 1 इंच अदरक का टुकड़ा किसा हुआ
- 1 हरी मिर्च बारीक कटा हुआ
- नमक स्वाद अनुसार
- लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार
- 1/4 टीस्पून गरम मसाला पाउडर
- I/4 टीस्पून अमचूर पाउडर
- 1 टेबल स्पून सरसों का तेल
- 1 सूखी लाल मिर्ची
बनाने की विधि:-
सबसे पहले हम पोटली बनाने के लिए आटा तैयार कर लेंगे। इसके लिए हम एक बाउल में आटा लेंगे। उसमें स्वादानुसार नमक डालेंगे। अब हम इसमें मोइन के लिए घी डाल कर अच्छे से मिलाएंगे।
अब हम गुनगुने पानी की मदद से थोड़ा सख्त आटा गूथ कर तैयार कर लेंगे। ध्यान रहे हमें आटा बहुत ज्यादा सख्त नहीं रखना है। ना ही बहुत नरम रखना है, जैसा आटा हम पराठा के लिए रखते हैं उससे थोड़ा सा सख्त आटा गूथ कर तैयार करेंगे ।अब आटे को ढक कर रख देंगे।
आइए अब इसका भरावन तैयार करें🙂🙂
इसके लिये हम एक कढ़ाई को गैस पर चढ़ाएंगे।इसमें सरसों का तेल डालेंगे। जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए तब इसमें सूखी हुई लाल मिर्च को तोड़ कर डालेंगे। अब हम इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर आधे मिनट के लिए भून लेंगे ।अब हम इसमें प्याज डालकर हल्का सा भून लेंगे। हम इसमें मटर डालेंगे और स्वादानुसार नमक डालकर ढक देंगे। आँच कम रखते हुए मटर को पकाएंगे।
अभी एकदम सीजन की मटर आ रही है इसलिए मटर को पकने में पांच 7 मिनट का ही समय लगेगा। अब हम मटर को हल्का हल्का मैश कर लेंगे। अब हम इसमें आलू डालेंगे और लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डाल कर अच्छे से मिक्स कर लेंगे। नमक हमने पहले ही मटर में डाल दिया था इसीलिए नमक दोबारा नहीं डाला। हमारा मसाला तैयार है। इसे थोड़ा ठंडा होने देंगे।
अब हम आटे को एक बार अच्छे से मसल लेंगे और उसकी छोटी-छोटी लोई बना लेंगे। अब हम इसे थोड़ा सा बेल लेंगे। इसे ना बहुत पतला बेलना है ना बहुत मोटा, जैसा हम पराठा बेलते हैं उससे थोड़ा सा मोटा बेल लेंगे।
अब हम उसके बीच में मटर का मिश्रण रखेंगे और इसे चारों तरफ से घुमाते हुए पोटली का शेप देंगे। आप चाहे तो इसके किनारों पर पानी भी लगा सकते हैं जिससे कि तलते समय पोटली खुलेगी नहीं। इस तरीके से हम सारी पोटलिया तैयार कर लेंगे।
अब हम एक कढ़ाई में तेल गर्म करेंगे। जब तेल मध्यम गरम हो जाएगा तब हम इसमें पोटली डालकर माध्यम से कम आँच पर तल लेंगे। हमें इसे चारों तरफ से लाल होने तक तलना है। इसी तरीके से हम सभी पोटलिया तल कर तैयार कर लेंगे।
लीजिए आपकी स्वादिष्ट और चटपटी गरम-गरम पीज पोटली तैयार है। इसे गरम-गरम ही अपनी पसंद की चटनी और सॉस के साथ सर्व कीजिए। इस पीज पोटली का असली स्वाद उसे गरम गरम खाने में ही आएगा। इसीलिए इसे गरम-गरम ही सर्व करें। धन्यवाद🙂🙂
तो दोस्तों, यह थी मेरी आज की रेसिपी यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आती हो तो ऐसे ही और भी मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को लगातार विजिट करते रहें ।
यदि आप चाहें तो रेगुलर अपडेट्स के लिए मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं👇👇




