नमस्कार, साथियों हल्की हल्की ठंड की शुरुआत हो चुकी है और बदलते मौसम के साथ हमें अपने खानपान का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। शुरुआत की ठंड में हमें अपने स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा सजग रहने की आवश्यकता होती है। इसीलिए आज मैं आप लोगों के लिए लेकर आई हूं सर्दियों के मौसम के लिए एक बेहद उपयोगी और स्वादिष्ट रेसिपी। गोंद के लड्डू की रेसिपी।
गोंद का लड्डू सर्दियों के मौसम में बनाए जाने वाला एक बहुत ही प्रसिद्ध स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक मीठा है। गोंद सर्दियों के मौसम में हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और शरीर को गर्म रखता है। गोंद के लड्डू शुद्ध देसी घी में बनते हैं इसीलिए यह और भी ज्यादा पौष्टिक हो जाता है। विशेषकर बच्चों को रोज एक लड्डू खिलाना उनके लिए फायदेमंद होता है। स्वाद भी और सेहत भी।🙂🙂
सामग्री:-
- 500 ग्राम गेहूँ का आटा
- 300 ग्राम पिसी हुई चीनी
- 400 ग्राम देसी घी
- 100 ग्राम खाने वाला गोंद
- 100 ग्राम बादाम
तरीका:-
सबसे पहले हम लड्डू बनाने की थोड़ी सी तैयारी कर लेंगे। इसके लिए हम चीनी को पीस कर उसका पाउडर बना लेंगे।
गोंद को भी मिक्सर में डालकर बारीक पीस लेंगे और बादाम को भी दरदरा पीस लेंगे।
आप चाहे तो बदाम को काटकर भी डाल सकते हैं लेकिन काटकर डालने से बदाम का टुकड़ा जब मुंह में आता है तो बच्चे खाने में नखरे करते हैं और पीसकर डालने से उन्हें पता भी नहीं चलता कि इसमें कितने बदाम डाले हैं और लड्डू भी स्वादिष्ट हो जाते हैं।
अब हम एक कढ़ाई को गैस पर चढ़ाएंगे और उसमें आटे को डाल कर कम आँच पर सेकेंगे। मतलब कि हम पहले आटे को सूखा सेक लेंगे बिना घी डाले। 10 से 15 मिनट में हमारा आटा थोड़ा सिक जाएगा और इसका रंग बदलने लग जाएगा। अब हम गैस बंद कर देंगे और आटे को किसी बड़ी प्लेट में निकाल लेंगे।
कढ़ाई को एक बार फिर से गैस पर चढ़ाएंगे और इसमें देसी घी डालेंगे। घी जब खूब अच्छे से गर्म हो जाए तब हम इसमें थोड़ा-थोड़ा करते हुए पिसा हुआ गोंद डालेंगे और एक हाथ से हिलाते रहेंगे। ऐसा करने से गोंद आपस में चिपकेगा नहीं।
अब हम इसमें आटा डालकर मध्यम आंच पर लाल होने तक सेक लेंगे। आटे को सेकने में लगभग 20 मिनट का समय लगेगा। अब हम इसमें पिसा हुआ बदाम डाल देंगे और अच्छे से मिलाएंगे। अब गैस बंद कर देंगे।
जब आटा थोड़ा सा ठंडा हो जाएगा तब हम इसमें पिसी हुई चीनी मिला देंगे। गरम आटे में चीनी मिलाने से चीनी पिघल जाएगी इसीलिए आटे को थोड़ा ठंडा करना जरूरी है।
जब आटा इतना गरम बचे कि हमारा हाथ सह सके तब हम अपने मनपसंद साइज़ के लड्डू बना लेंगे। लड्डू को अच्छे से ठंडा होने देंगे। 2 से 3 घंटे इसे खुले में रखेंगे। उसके बाद इसे किसी एयर टाइट कंटेनर में स्टोर कर लेंगे । 1 महीने तक यह लड्डू ताजे और स्वादिष्ट बने रहेंगे।
अगर आप चाहे तो गोंद को बारीक पीसने की जगह बारीक तोड़ कर भी इस्तेमाल कर सकते हैं ।इसके लिए हमें गोंद को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ना होगा और उसके बाद अच्छे से गर्म हुए घी में तेज आंच पर तलकर निकालना होगा। जब हम अपने आटे को सेंक लेंगे तब यह तला हुआ गोंद उसमें डाल कर मिला लेंगे।
गोंद को पीसकर डालने से जब हम लड्डू बनाते हैं तो गोंद मुंह में नहीं आता और बच्चों को पता भी नहीं चलता कि इसमें कितने गोंद डले हैं और वह बहुत चाव से इसे खा लेते हैं।
आटे को थोड़ा सा सूखा सेक लेने से आटा कच्चा नहीं रहता। अगर हम पहले ही घी डाल कर आटे को सेकेंगे तो उसे चलाते रहना मुश्किल होगा और वह अच्छे से सिक नहीं पाएगा। लड्डू मे घी और चीनी की मात्रा आप अपने अनुसार थोड़ी कम या ज़्यादा कर सकते है ।
तो दोस्तों, यह थी गोंद के लड्डू बनाने की मेरी विधि। एक बार इस विधि से लड्डू बनाकर जरूर देखें जिन्हें है लड्डू पसंद नहीं या जो लोग इसे खाने में नखरे करते हैं उनका भी यह सबसे पसंदीदा लड्डू बन जाएगा।🙂 धन्यवाद
इस प्रकार की और भी मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को विजिट करते रहे।🙂🙏
यदि आप चाहें तो रेगुलर अपडेट्स के लिए मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं👇👇
