नमस्कार, साथियों दिवाली का मीठा खा खा कर बोर हो गए हैं तो आज बनाते हैं सूजी की आलू भरी हुई स्टफ्ड कचौड़ी। यह कचौड़ी बनाने में बहुत आसान है और खाने में अत्यंत स्वादिष्ट लगती है। सूजी की कचौड़ी जब हम बनाते हैं तब यह तलते समय तेल भी बहुत कम सोखती है ।
सामग्री:-
(कचौड़ी का आटा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री):-
- 1 कप सूजी
- 2कप पानी
- 1 टी स्पून तेल
- नमक स्वादानुसार
- 1/2 टीस्पून अजवाइन (ऑप्शनल)
भरावन के लिए सामग्री:-
- 4 बड़े साइज के उबले आलू
- 1 टेबल स्पून हरे मटर के दाने ऑप्शनल
- 1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- 1/4 टी स्पून किसा हुआ अदरक
- 8-10 करी पत्ता
- नमक स्वाद अनुसार
- 1/2 टेबलस्पून सरसों का तेल
- 1 चुटकी हींग
- 1 टी स्पून जीरा
- अन्य सूखे मसाले (जैसे लाल मिर्च का पाउडर, हल्दी पाउडर, गरम मसाला पाउडर, आमचूर पाउडर)
- तलने के लिए तेल
बनाने की विधि:-
पहले हम कढ़ाई को गैस पर चढ़ाएंगे और उसमें दो कप पानी डालेंगे। अब हम इसमें नमक, अजवाइन और तेल डालेंगे। अब हम पानी को उबलने देंगे जब पानी उबल जाए तब हम इसमें धीरे धीरे करते हुए सूजी डालेंगे और लगातार चलाते हुए इसे पकाएंगे।आँच कम रखेंगे और 2 मिनट तक पकाएंगे। हम देखेंगे कि सूजी इकट्ठी होने लगी है तब हम गैस बंद कर देंगे और इसे किसी प्लेट में निकाल लेंगे।
जब सूजी थोड़ा सा ठंडा हो जाए और हम इसे अपने हाथों से मसल सके यह ऐसा हो जाए तब हम थोड़ा सा तेल लगाकर सूजी को अच्छे से अपनी हथेलियों से मसलते हुए चिकना कर लेंगे। यह बिल्कुल गेहूं के या मैदे के आटे के जैसा तैयार हो जाएगा। इसे ढककर 10 मिनट के लिए रख देंगे। तब तक हम अपना मसाला तैयार करते हैं।
अब हम इसका भरावन तैयार कर लेंगे। इसके लिए हम कढ़ाई को गैस पर चढ़ाएंगे और उसमें सरसों का तेल डालेंग।जब तेल गरम हो जाए तब हम इसमें हींग और जीरा डालेंगे। जीरा चटक जाए तब हम इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और अदरक डालकर 1/2 मिनट के लिए भून लेंगे। अब हम इसमें हरे मटर के दाने डालेंगे और उबले हुए आलू को मसल कर डालेंगे। अब हम इसमें सभी सूखे मसाले डालेंगे और अच्छे से मिक्स करेंगे। 2 मिनट के लिए तेज आंच पर भून लेंगे। हमारा मसाला तैयार है।इसे किसी प्लेट में निकाल लेंगे और ठंडा करेंगे।
अब हम अपने हाथों को थोड़ा सा चिकना कर लेंगे और सूजी के आटे को एक बार फिर से मसल लेंगे। अब इस आटे की एक लोई लेंगे और उसे अपनी हथेलियों से हलका दबा दबाकर गोल शेप देंगे। इसके बीच में हम आलू का मसाला डालेंगे और कचोरी की शेप देते हुए इसे चारों तरफ से अच्छे से सील बंद कर लेंगे। इसी तरीके से हम सारी कचोरिया बनाकर तैयार कर लेंगे।
अब हम एक कड़ाई गैस पर चढ़ाएंगे और इसमें कचोरिया तलने के लिए तेल डालेंगे। तेल जब अच्छे से गर्म हो जाए तब हम इसमें कचोरिया डाल कर तल लेंगे। आँच हम मध्यम रखेंगे। इसी प्रकार से हम मध्यम आंच पर सभी कचौड़ी तल कर तैयार कर लेंगे। गरम-गरम स्वादिष्ट और कुरकुरी कचौड़ी तैयार है। इसे अपने मनपसंद की चटनी या सॉस के साथ खाएं और खिलाए।
दोस्तों, सूजी की कचौरी बहुत ही क्रिस्पी बनती है और यह तेल बहुत कम सोखती है, इसीलिए यह खाने में तो बहुत ही स्वादिष्ट लगती ही है साथ ही भारी नहीं होती।
तो दोस्तों यह थी सूजी की स्टफ्ड कचोरी बनाने की विधि। यदि आप लोगों को मेरी रेसिपी पसंद आई हो तो ऐसे ही और भी मजेदार रेसिपीज को देखते रहने के लिए मेरे ब्लॉक को लगातार विजिट करते रहे
आप चाहे तो मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं
