मिनी रसगुल्ला


नमस्कार, आप सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं🙏🙏। जैसा कि हम सब जानते हैं त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है और रोज किसी न किसी मिठाई की आवश्यकता रहती है। अभी जो माहौल चल रहा है उसमें रोज-रोज बाजार से मिठाइयां लाना संभव नहीं है इसीलिए अभी से लेकर दीपावली तक मैं अपने ब्लॉग में आप लोगों को तरह-तरह के मिठाई बनाने की विधि बताऊंगी। तो साथियों इस बार हर त्योहार के मौके पर घर पर ही बनाएं अपने हाथों से शुद्ध स्वादिष्ट मिठाईयां।

इसी क्रम में हमारी आज की पहली मिठाई है मिनी रसगुल्ला ।रसगुल्ला तो हर किसी को पसंद होता है पर कभी-कभी इसे घर में बनाना बड़ा झंझट भरा हो जाता है। कभी तो रस्गुल्ला एकदम सही बनता है कभी नहीं बनता है।

आज जो विधि मैं आपको बताने जा रही हूं उस विधि से आप एक बार प्रयास करें आपका रसगुल्ला एकदम सही बैठेगा। तो आइए शुरू करते हैं रसगुल्ला बनाने की विधि सबसे पहले नजर डालते हैं इसके लिए आवश्यक सामग्री पर

सामग्री:-
  • 1 किलो गाय का दूध
  • 1 टी स्पून मैदा या कॉर्नफ्लोर
  • एक कटोरी चीनी(लगभग 300ग्राम)
  • तीन कटोरी पानी(चीनी का तीन गुना पानी)
  • 2 छोटा चम्मच विनेगर
विधि:-
🍧सबसे पहले हम दूध को गर्म करने गैस पर रखेंगे। जब तक हमारा दूध उबल रहा है तब तक हम एक कटोरी में दो चम्मच विनेगर में दो चम्मच पानी डालकर मिक्स करके रखेंगे। जब दूध उबल जाए तब इसमें यह पानी थोड़ा-थोड़ा करके डालेंगे। हमारा दूध फट गया है और उसमें से पनीर अलग हो गया है और पानी अलग हो गया है । अब इसे थोड़ी देर ठंडा होने रखेंगे।

🍧अब हम किसी छलनी में एक पतला कपड़ा बिछाएंगे और उसमें इस दूध को छान लेंगे। ऊपर से एक गिलास ठंडा पानी भी डाल देंगे जिससे पनीर का खट्टापन निकल जाएगा। कपड़े की पोटली बनाकर इसका पानी निचोड़ देंगे और आधे घंटे के लिए इसे किसी प्लेट में रखकर भारी चीज से दबा देंगे जिससे हमारा पनीर सेट हो जाएगा।

🍧अब हमारा पनीर तैयार हो चुका है। इसे किसी प्लेट मे निकालकर अपनी हथेली से मसल मसल कर चिकना करेंगे। हम इसमें मैदा डालकर मिलाएंगे और इसे अपनी हथेली से प्रेस करते हुए चिकना करेंगे। ऐसा करने में कम से कम 8 से 10 मिनट का समय लगेगा।थोड़ी देर में हम देखेंगे कि हमारा पनीर एकदम चिकना हो गया है और हमारी हथेली चिकनी हो गई है । यही इसकी पहचान है।

🍧अब हम इसके बहुत छोटे-छोटे गोले बना लेंगे। ध्यान रहे गोले में कोई भी दरार नहीं होने चाहिए। इतने पनीर में मेरा लगभग 30 पीस रसगुल्ला तैयार हुआ है, क्योंकि मैंने बहुत छोटे साइज के बनाए हैं आप साइज अपने हिसाब से बना सकते हैं। एक बात का ध्यान रखेंगे की हम जिस साइज़ की गोली बनाएंगे हमारा रसगुल्ला उससे दुगने साइज का तैयार होगा।

🍧 एक कुकर लेंगे और इसमें चीनी और पानी मिलाकर गैस पर चढ़ाएंगे। आँच तेज रखेंगे। जब चीनी पानी में अच्छे से घुल जाए और इसमें एक उबाल आ जाए तब हम इसमे रसगुल्ले डाल देंगे और कुकर का ढक्कन बंद कर देंगे। तेज आँच पर एक सिटी आने देंगे। उसके बाद आँच कम कर देंगे और 5 मिनट के लिए ऐसे ही पकने देंगे। 5 मिनट बाद गैस बंद कर देंगे। थोड़ी देर के लिए कुकर को ऐसे ही रहने देंगे जब इसमें से आधा प्रेशर निकल जाएगा तो बाकी बचा हुआ प्रेशर हम खुद से निकाल देंगे और कुकर का ढक्कन खोल देंगे। अब हम एक चम्मच की सहायता से रसगुल्ले को पलट लेंगे और एक बार फिर से तेज आँच पर ढककर 5 मिनट के लिए पका लेंगे। हम गैस बंद कर देंगे और इसमें एक कप ठंडा पानी डाल देंगे।

🍧हमारे रसगुल्ले तैयार हैं। इसमें ठंडा पानी डालने से हमारे रसगुल्ले का जो कुकिंग प्रोसेस है वह खत्म हो जाता है और रसगुल्ले अपने शेप में आ जाते हैं।अब इसे रूम टेंपरेचर पर 4 से 5 घंटे के लिए ठंडा होने देंगे जिससे इसमें अंदर तक रस चला जाएगा।

🍧अब आप चाहे तो इसे फ्रिज में रखकर ठंडा करें या चाहे बाहर ही रहने दे। हमारे स्वादिष्ट स्पंजी रसगुल्ले तैयार हैं।

🍧आप चाहे तो इसकी चासनी में इलायची पाउडर भी डाल सकते हैं।

🍧अपने मनपसंद तरीके से गार्निश करें और ठंडा ठंडा रसगुल्ला खाए और खिलाएं।🙂🙂🍧

दोस्तों, आप लोगों को मेरी आज की रेसिपी पसंद आई हो तो ऐसे ही और भी आसान और घर पर उपलब्ध सामग्री से बनने वाली मिठाइयों की रेसिपी देखते रहने के लिए कृपया मेरे ब्लॉग को विजिट करते रहें।

आप लोग चाहे तो मेरे फेसबुक पेज को भी लाइक और शेयर कर सकते हैं ।https://www.facebook.com/haathkirasoi