
दोस्तों, भारतीय खाने में अचार का एक विशेष महत्व है। अचार किसी भी खाने के स्वाद को चार गुना बढ़ा देता है। अगर उसमें भी अचार अदरक, हरी मिर्च का हो तो क्या कहना। आज जो अचार हम बनाने जा रहे हैं, वह चटपटा और तीखा तो है ही साथ ही झटपट तैयार भी हो जाता है। ना तो उसे 2 दिन रखने की झंझट और ना ही धूप दिखाने की जरूरत, बस तुरंत बनाओ और झटपट खाओ।🙂🙂😋😋
तो आइये शुरु करते हैं इसे बनाना।
सब से पहले इसके लिए आवश्यक सामग्री पर एक नजर डाल लेते हैं:-
सामग्री:-
- 100 ग्राम हरी मिर्च
- 100 ग्राम अदरक
- 2 टेबलस्पून पीसी हुई राई या सरसों
- नमक स्वाद अनुसार
- 1 छोटा चम्मच काला नमक
- 1 छोटा चम्मच सौंफ
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच सरसों तेल
- 1/4 छोटा चम्मच हींग
- 2 नींबू का रस
- 1/4 छोटा चम्मच मंगरेल(कलौंजी)
बनाने की विधि:-
सबसे पहले अदरक और हरी मिर्च को धो लेंगे। हरी मिर्च को लंबाई में काट लेंगे और अदरक को छीलकर पतले पतले और लंबे लंबे में काट लेंगे।
अब हम इसमें तेल और हींग को छोड़कर बाकी बचे हुए सारी सामग्री को डालकर मिला लेंगे। नींबू का रस भी डाल देंगे।
अब हम एक सॉसपेन या बड़े चम्मच मे तेल डालकर गर्म करेंगे। जब तेल अच्छे से गर्म हो जाएगा तो गैस बंद कर देंगे और तेल को ठंडा होने देंगे। उसके बाद इसमें हींग डाल देंगे और इस तेल को अचार में डालकर मिला लेंगे।
लीजिए हमारा झटपट बनने वाला स्वादिष्ट और चटपटा अचार खाने के लिए तैयार है। जब कभी भी आपका खाना खाने का मन ना हो या फिर सब्जी आपके पसंद की ना हो तो यह अचार लीजिए और अपने खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा लीजिए। यह अचार कई दिनों तक खराब नहीं होता और फ्रिज में रख कर तो इसे महीने भर तक खाया जा सकता है। फ्रिज में रखने से इसका रंग भी नहीं बदलता।
एक बार इस विधि से अचार बना कर देखिए और बताइए आपलोगों को कैसा लगा🙂🙂
अगर आप को मेरी आज की रेसिपी पसंद आई हो तो ऐसे ही और आसान रेसिपीज के लिए मेरे ब्लॉग को विजिट करते रहें।🙂🙂